दुबई से ठगी का नेटवर्क चला रहा आरोपित गोवा से गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 फ़रवरी । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने 61.72 लाख रुपये के फर्जी शेयर बाजार निवेश घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे रोहनक जगदीश भाई ठक्कर को पुलिस ने गोवा के मोपा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वह दुबई से इस ठगी के नेटवर्क को चला रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने शनिवार को बताया कि वर्ष 2024 में ठगी का मुकदमा क्राइम ब्रांच में दर्ज किया गया था। शिकायत राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने दी थी। उसे “ग्लोब कैपिटल मार्केट लिमिटेड” कंपनी के नाम पर ठगा गया। आरोपितों ने उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उससे 61,72,000 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में पता चला कि मोबाइल ऐप और पूरा सिस्टम फर्जी था।

ऐसे घुमाया गया पैसा

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सबसे पहले जूनागढ़ (गुजरात) की एक फर्जी फर्म और श्रीनगर (कश्मीर) की दूसरी फर्म के खातों में डाली गई। इसके बाद रकम को कई अन्य खातों में तेजी से ट्रांसफर कर दिया गया, ताकि पुलिस तक पहुंचना मुश्किल हो जाए। मुंबई, सूरत और अहमदाबाद में छापेमारी कर कई आरोपितों को पकड़ा गया। अब तक इस मामले में 17 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने 81 सिम कार्ड, 24 मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज, रबर स्टांप, चेक बुक और अन्य डिजिटल सबूत भी बरामद किए हैं।

वहीं जांच में पता चला कि गिरोह का मुख्य सरगना कृष भाई शाह दुबई में बैठा है, जिसे इस मामले में घोषित अपराधी किया जा चुका है। रोहनक उसी के कहने पर भारत में फर्जी बैंक खाते खुलवाता था और ठगी की रकम इधर-उधर करवाता था। इसके बदले उसे कमीशन मिलता था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को सूचना मिली थी कि रोहनक गोवा आने वाला है। टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर 5 फरवरी 2026 को उसे मोपा एयरपोर्ट से पकड़ लिया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे दिल्ली लाया गया।