रांची के उपायुक्त ने नवोदय विद्यालय में किया आर्चरी एरेना का उद्घाटन

रांची, 14 फरवरी । रांची के उपायुक्त (डीसी) मंजूनाथ भजंत्री ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय मेसरा में शनिवार को आधुनिक आर्चरी एरेना का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तीरंदाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, अनुशासन और धैर्य की जीवंत प्रयोगशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की और आश्वस्त किया कि रांची जिला प्रशासन शिक्षा और खेल के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देता रहेगा। इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय पत्रिका ‘नव स्वर’ का भी विमोचन किया।

शिक्षा मंत्रालय के ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को फुटबॉल वितरित किए गए। बताया गया कि यह आर्चरी सुविधा आईसीआईसीआई फाउंडेशन के सहयोग से विकसित की गई है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।

विद्यालय के प्राचार्य एनोस केरकेटा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन आर्चरी सूट पहनकर प्रदर्शन और फीफा फुटबॉल किक-ऑफ के साथ हुआ।