पश्चिमी सिंहभूम, 15 फ़रवरी । गोवा में आयोजित नेशनल इंक्लूजन फुटबॉल कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपविजेता बने चाईबासा के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रतियोगिता में चाईबासा के खिलाड़ियों ने झारखंड की पुरुष और महिला दल का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतिम मुकाबले तक का सफर तय किया और राज्य का नाम रोशन किया।
अंतिम मुकाबले में दोनों दलों का सामना पंजाब के मजबूत दलों से हुआ। रोमांचक संघर्ष के बाद खेल बराबरी पर छूटा और निर्णय दंड प्रहार के माध्यम से हुआ, जिसमें झारखंड के दलों को मामूली अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद खिलाड़ियों के साहस, अनुशासन और खेल भावना की सर्वत्र सराहना हो रही है।
पुरुष दल का नेतृत्व बरकुंडिया निवासी सूरज बिरुली ने किया, जबकि महिला दल की कप्तानी खेड़ियाटांगर की बनफूल तुबिद ने संभाली। पूरे प्रतियोगिता के दौरान दोनों दलों ने संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम चरण तक स्थान बनाया।
रविवार को जैसे ही खिलाड़ी चाईबासा पहुंचे, डाकघर चौक पर खेलप्रेमियों और अभिभावकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खिलाड़ियों को पुष्पमालाएं पहनाई गईं, पुष्पगुच्छ भेंट किया गया और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।
दल के समन्वयक चांबरा सुंडी ने बताया कि झारखंड के दल ने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जानकारी दी कि दल के एक उत्कृष्ट खिलाड़ी का चयन आगामी मेक्सिको में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में किया जाएगा, जो देश का प्रतिनिधित्व करेगा।
स्वागत समारोह में फादर रंजीत किंडो, शिक्षक कृष्णा देवगम, विकास दोदराजका, वीर सिंह बुड़ीउली सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।