कोरबा, 16 फरवरी । कोरबा में बकाया कर वसूली को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायादारों के खिलाफ सीलबंदी और कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर पालिक निगम कोरबा ने संपत्तिकर जमा नहीं करने पर आज सोमवार को वार्ड क्रमांक 14 स्थित एक बड़े बकायादार की संपत्ति को सील कर दिया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर की गई।
निगम से जारी जानकारी के अनुसार वार्ड 14 डायवर्सन रोड क्षेत्र में बकायादार कासिम खान द्वारा लंबे समय से संपत्तिकर की राशि जमा नहीं की जा रही थी। कई बार नोटिस और वारंट जारी किए जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को सील कर दिया और तत्काल बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए।
निगम प्रशासन ने बताया कि इससे पहले भी बुधवारी और रविशंकर नगर क्षेत्र में किराया जमा नहीं करने पर पांच दुकानों को सील किया जा चुका है। इसके अलावा रविशंकर नगर में ही एक अन्य बड़े संपत्तिकर बकायादार की संपत्ति पर भी सीलबंदी की कार्रवाई की गई थी। निगम ने स्पष्ट किया है कि बड़े बकायादार यदि शीघ्र भुगतान नहीं करते हैं तो संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
निगम के अनुसार संपत्तिकर, समेकित कर और जलकर सहित विभिन्न मदों में बड़ी बकाया राशि लंबित है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने से निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका असर शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं पर भी पड़ सकता है। इसी को देखते हुए अब राजस्व अमला लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने सीलबंदी की कार्रवाई की। टीम में सहायक राजस्व अधिकारी सुमित गुप्ता, अजय कुमार अग्रवाल, अविनाश जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में टीपीनगर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक सड़क और नाली में निर्माण सामग्री और मलबा डालकर आवागमन बाधित करने का मामला भी सामने आया। डी.डी.एम. रोड पर एक व्यक्ति द्वारा गिट्टी, ईंट, रेत और मलबा डालने से नाली का बहाव और सफाई कार्य प्रभावित हो रहा था। इस पर निगम ने संबंधित व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है और मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में मलबा नहीं हटाने पर निगम स्वयं हटाकर खर्च की राशि अलग से वसूल करेगा।