अंतर महाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता हुए पुरस्कृत

प्रयागराज, 17 फरवरी । ईश्वर शरण पीजी कॉलेज में अंतर महाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का समापन मंगलवार को हुआ। समापन सत्र में मुख्य अतिथि ईश्वर शरण पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद शंकर सिंह ने प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने खेल के प्रति आकर्षित करने के लिए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला एवं शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ अनुशासन और टीमवर्क के महत्व को रेखांकित किया।

खेलकूद प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण और विदाई समारोह के साथ हुआ। इसमें 100, 200, 400, 800 मी. दौड़, वॉलीबॉल, गोला-फेंक, लम्बी कूद, ऊंची कूद जैसी विभिन्न स्पर्धा के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले को पदक और शील्ड प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को जीवन में अनुशासन तथा टीम भावना के महत्व पर जोर दिया। इन प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के लगभग 150 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

मैच का उद्घाटन 100 मीटर की दौड़ (गर्ल्स) के साथ हुआ जिसमें प्रथम स्थान रहनुमा अंसारी (सीएमपी डिग्री कॉलेज) से, 200 मीटर की दौड़ में खुशी शाहू (ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज) और 400 मीटर की दौड़ में रहनुमा अंसारी (सीएमपी डिग्री कॉलेज), 800 मीटर की दौड़ में साक्षी त्रिपाठी (एस.एस.के कॉलेज) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लड़कों की दौड़ में 100 एवं 200 मीटर की दौड़ में हेमंत यादव (आईएसडीसी कॉलेज), 400 मीटर की दौड़ में शुभम पांडे (सीएमपी कॉलेज), 800 मीटर की दौड़ में अजय कुमार (आईएसडीसी कॉलेज) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लम्बी कूद में लड़कों में टुन्ना कुमार (आईएसडीसी कॉलेज) तथा लड़कियों में आस्था यादव (सीएमपी डिग्री कॉलेज) ने बाजी मारी। वॉलीबॉल में सीएमपी डिग्री कॉलेज की लड़कियों ने आईएसडीसी की लड़कियों को हराकर शानदार जीत हासिल की। साथ ही, वॉलीबॉल में सीएमपी डिग्री कॉलेज के लड़कों ने आईएसडीसी को हराकर जीत हासिल की।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ मनोज दुबे ने बताया कि पुरस्कार वितरण में महाविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर प्रो. मानसिंह, डॉ. हर्षमणि सिंह, डॉ अरविंद मिश्रा, डॉ अमित सिंह, डॉ. विवेक कुमार यादव, डॉ हिमांशु यादव, डॉ.अरविंद देव, डॉ. महेश प्रसाद राय, प्रशांत कुमार एवं अन्य सहायक प्राध्यापक उपस्थित रहे। समापन सत्र का संचालन एवं स्वागत कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. एकात्मदेव ने किया। कार्यक्रम में सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शैलेश कुमार यादव ने किया।