बलरामपुर, 17 फ़रवरी ।जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘वजन त्यौहार’ का आयोजन किया जा रहा है। 18 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का वजन और ऊंचाई मापकर उनके पोषण स्तर का सटीक आकलन किया जा रहा है।
कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन और महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें सामान्य श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं निर्धारित मानकों के अनुसार बच्चों का मापन कर रही हैं तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा छूटने न पाए।
अभियान के दौरान केंद्रों में गर्भवती और शिशुवती माताओं के लिए परामर्श सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, हरी सब्जियों और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है, ताकि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास की मजबूत नींव रखी जा सके।
दूरस्थ और विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय अमला घर-घर पहुंचकर माताओं को पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और एएनसी चेकअप के प्रति जागरूक कर रहा है। इसका उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय पर पहचान कर जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।