अजमेर, 18 फरवरी । अजमेर जिले के डुमाड़ा गांव में अतिक्रमण विवाद के दौरान बोलेरो चढ़ाने से घायल हुए पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर की स्थानीय जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात पर अड़ गए।
ग्रामीणों में व्याप्त रोष को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़, डिप्टी (ग्रामीण) रामचंद्र चौधरी, पीसांगन थाना अधिकारी सरोज चौधरी सहित भारी पुलिस बल अस्पताल में तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश के बाद दो दिन में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर सहमति बनी, जिसके बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की गई। मामले की जांच डिप्टी ग्रामीण रामचंद्र चौधरी को सौंपी गई है।
एएसआई गोपाराम ने बताया कि गत दिनों डुमाड़ा गांव में बावड़ी जाने वाले दो रास्तों में से एक पर दीवार बनाकर अतिक्रमण किए जाने के विवाद में पूर्व सरपंच गोविंदराम गुर्जर सहित ग्रामीण समझाइश कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के छगन पुत्र हजारी ने अपने पुत्रों परमेश्वर और गोपाल को मौके पर बुलाया। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि छगन के पुत्रों ने बोलेरो वाहन तेज गति से चलाकर गोविंदराम सहित अन्य लोगों पर चढ़ा दिया। घटना में गोविंदराम सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गोविंदराम को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार को मृत्यु की सूचना गांव पहुंचते ही गुर्जर समाज के पंच-पटेल और जनप्रतिनिधियों के साथ सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने मांगलियावास पुलिस पर आरोप लगाया कि छह दिन बीत जाने के बावजूद सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।
इस दौरान देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा भी अस्पताल पहुंचे और समाज के लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति बिगड़ सकती है।
गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम तथा मुआवजे की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर मुख्य सचिव और डीजीपी के घेराव की चेतावनी भी दी गई है।
डिप्टी रामचंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी परमेश्वर पुत्र छगनलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है तथा बोलेरो वाहन जब्त कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच प्रचलित है।