नई टिहरी, 18 फरवरी । डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने बुधवार को जिला मुख्यालय नई टिहरी पर धरना देकर 27 सूत्रीय मांगों का समर्थन किया और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। महासंघ ने बीते 12-13 जून 2025 को हुए महाधिवेशन का मांग पत्र प्रस्तुत करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
धरना लोनिवि अतिथि गृह में महासंघ के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र रावत और सचिव राजेंद्र सोढ़ी की अगुवाई में आयोजित किया गया। उन्होंने कनिष्ठ अभियंताओं के वेतन विसंगति को ठीक करने, 1 जनवरी 2014 के बाद नियुक्त कनिष्ठ अभियंता को प्रथम एसीपी के रूप में 10 वर्ष सेवा पूर्ण करने पर लेवल दस का वेतनमान देने,पुरानी पेंशन बहाली, प्रोन्नति की सीमा 20 प्रतिशत करने, सेवाकाल में न्यूनतम तीन पदोन्नति,विभागीय अभियंताओं को गैर तकनीकी कार्यों में न लगाने और बायोमेट्रिक हाजिरी से छूट देने सहित सभी मांगों पर त्वरित कार्यवाही की अपील की।
इस अवसर पर प्रांतीय संगठन सचिव सतीश भट्ट,मंडल उपाध्यक्ष विपिन डोभाल,समीक्षा डोभाल, जयप्रकाश भट्ट,आनंद पंवार,स्वाति चौहान,उषा भंडारी,अंकित सैनी,अकील आलम,विपिन सेल्टा, पंकज तिवारी और मनीष पोखरियाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।