पुणे, 19 फरवरी । हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के चौथे चरण में ऋद्धिमा दिलावरी ने बेहतरीन और बोगी-रहित खेल दिखाते हुए तीन अंडर 68 का स्कोर बनाया और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों वाणी कपूर तथा त्वेसा मलिक को काफी पीछे छोड़ दिया। प्रतियोगिता पूना क्लब गोल्फ कोर्स में खेली गई।
यह इस सत्र में ऋद्धिमा की चार प्रतियोगिताओं में दूसरी जीत है, जबकि एक बार वह उपविजेता भी रह चुकी हैं। इस जीत के साथ उन्होंने हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया है।
ऋद्धिमा ने अंतिम दौर में 68 का कार्ड खेलते हुए तीन दिनों में कुल 3-अंडर 208 का स्कोर बनाया और वाणी कपूर (75) से छह शॉट आगे रहते हुए खिताब अपने नाम किया। वाणी 3-ओवर 214 के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं। शौकिया खिलाड़ी अनुराधा चौधरी (69) भी 214 के स्कोर के साथ वाणी के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं त्वेसा मलिक (76) संयुक्त बढ़त से खिसककर 215 के कुल स्कोर के साथ चौथे स्थान पर आ गईं।
ऋद्धिमा ने पहले चार होल पार खेले। इस बीच वाणी कपूर ने बोगी-डबल बोगी-बोगी से निराशाजनक शुरुआत की, जबकि त्वेसा ने दूसरे होल पर डबल बोगी और तीसरे पर बोगी की। इसके बाद ऋद्धिमा ने बढ़त बनाई और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
पांचवें और नौवें होल पर बर्डी के साथ वह 2-अंडर पर टर्न हुईं। बैक नाइन में उन्होंने 12वें होल पर बर्डी लगाई और बाकी होल पार खेलते हुए 68 का दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। यह इस सप्ताह उनका दूसरा 68 का कार्ड रहा।
वाणी कपूर का संघर्ष जारी रहा। उन्होंने पांचवें, छठे और आठवें होल पर बोगी की, जबकि सातवें पर एकमात्र बर्डी मिली। फ्रंट नाइन में पांच बोगी और एक डबल बोगी के मुकाबले सिर्फ एक बर्डी रही। बैक नाइन में तीन बर्डी और एक बोगी के बावजूद वह 75 का स्कोर बनाकर दूसरे स्थान पर रहीं।
अनुराधा चौधरी ने चार बर्डी और दो बोगी के साथ 69 का संतुलित कार्ड खेलते हुए संयुक्त दूसरा स्थान हासिल किया।
त्वेसा मलिक ने फ्रंट नाइन में दो बोगी और एक डबल बोगी तथा बैक नाइन में एक डबल बोगी और एक बोगी की। आठवें और नौवें होल पर बर्डी लगाने के बावजूद वह लय कायम नहीं रख सकीं।
स्नेहा सिंह (77), नेहा त्रिपाठी (72), नयनिका सांगा (68) और जहानवी बक्शी (69) संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं।
एमेच्योर खिलाड़ी लावण्या गुप्ता (73) नौवें स्थान पर रहीं। जैस्मिन शेखर (73), लावण्या जादौन (72) और विधात्री उर्स (72) संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर रहीं।
अनुभवी अमनदीप द्राल (71) और अनन्या गर्ग (71) संयुक्त 13वें स्थान पर रहीं।
कमाई की बात करें तो ऋद्धिमा दिलावरी अब तक 7,24,667 रुपये के साथ ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर हैं। वाणी कपूर 4,66,000 रुपये के साथ दूसरे और त्वेसा मलिक 3,70,000 रुपये के साथ तीसरे स्थान पर हैं।