सूरजपुर, 19 फ़रवरी । कक्षा 10वीं एवं 12वीं की आगामी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एस. जयवर्धन ने गुरुवार काे शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए नकल प्रकरणों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, सभी एसडीएम एवं जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, निरीक्षण दल की तैनाती और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित एवं गोपनीय वितरण, परीक्षा केंद्रों पर गोपनीयता बनाए रखने, उड़नदस्ता दल की सक्रियता और प्रभावी भ्रमण सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को तनावमुक्त और अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य की नींव होती हैं, इसलिए प्रशासन की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा माहौल सुनिश्चित किया जाए।