जैसलमेर, 19 फरवरी । भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आयोजित अखिल भारतीय सेवाओं, केंद्रीय सेवाओं एवं रक्षा सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए संचालित एडवांस्ड प्रोफेशनल प्रोग्राम इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (APPPA) के अंतर्गत 21 सदस्यीय अधिकारी दल इन दिनों जैसलमेर जिले के दौरे पर है। दल का उद्देश्य आकांक्षी जिला कार्यक्रम के संचालन एवं प्रगति का अवलोकन करना है।
दौरे के क्रम में अधिकारियों ने बुधवार को जैसलमेर के फतेहगढ़ ब्लॉक स्थित रासला गांव का भ्रमण किया। यहां दल ने जलस्रोत, राजकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा देवीकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान टीम ने जिला एवं ब्लॉक स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक की सूक्ष्म-स्तरीय प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझा। साथ ही कार्यक्रम के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं (बॉटलनेक्स) और अपनाई जा रही सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेज) की जानकारी ली।
दौरे के दौरान उपखंड अधिकारी भरतराज गुर्जर एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों तथा आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण देवा ने बताया कि आशान्वित ब्लॉक में चिकित्सा एवं पोषण सेवाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। सूचकांकों की संतृप्ति (सैचुरेशन) के लिए सुनियोजित रणनीति बनाकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों के दल ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रत्यक्ष देखा तथा लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने सेवाओं की गुणवत्ता एवं जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की सराहना की। इसके पश्चात जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में संवाद एवं परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने कहा कि भौगोलिक विषमताओं के बावजूद आशान्वित जिला जैसलमेर ने निरंतर प्रगति करते हुए नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न सूचकांकों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अधिकारियों ने जिले में जल संकट एवं विद्युत आपूर्ति जैसी चुनौतियों तथा उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की।
बैठक में रक्षा विभाग के 21 अधिकारी, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रतिनिधि तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।