भोपाल, 20 फरवरी । मध्य प्रदेश में बोर्ड पैटर्न पर कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं आज शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस साल करीब 24.90 लाख छात्र इन परीक्षाओं में बैठेंगे। पूरे प्रदेश में कुल 12 हजार 920 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। विभाग ने बच्चों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। हर केंद्र पर सुरक्षा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। विद्यार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
मप्र राज्य शिक्षा केंद्र ने 5वीं और 8वीं की परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष आईटी पोर्टल तैयार किया है। इस बार परीक्षाओं में भाषा के चयन को लेकर विशेष नियम लागू किए गए हैं। पहली भाषा हिंदी/उर्दू/मराठी: अगर किसी छात्र ने पहली भाषा के तौर पर हिंदी, उर्दू या मराठी को चुना है, तो उसे दूसरी भाषा के रूप में अंग्रेजी लेना जरूरी होगा। जिन छात्रों की पहली भाषा अंग्रेजी है, उनके लिए दूसरी भाषा हिंदी पढ़ना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के 522 निजी स्कूलों के लिए इस बार अलग व्यवस्था है। उनके पेपर एनसीईआरटी सिलेबस के आधार पर अलग से तैयार किए गए हैं। इन परीक्षाओं में अनुत्तीर्ण या निम्न रिजल्ट लाने वाले विद्यार्थियों के लिए माह जुलाई 2026 में द्वितीय परीक्षा भी होगी। जिनमें रिजल्ट का सुधार किया जा सकेगा।
कक्षा 5वीं और 8वीं का परीक्षा टाइम टेबल
मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 5वीं परीक्षा 26 फरवरी तक आयोजित की जायेगी। आज प्रथम भाषा हिंदी/अंग्रेजी/उर्दू/मराठी, 21 फरवरी को गणित/संगीत दृष्टिबाधितों के लिए, 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी/हिंदी, 25 फरवरी को पर्यावरण अध्ययन तथा 26 फरवरी को अतिरिक्त भाषा संस्कृत/हिंदी/उर्दू/पंजाबी की परीक्षा आयोजित होगी। इसी प्रकार कक्षा 8वीं की परीक्षा 28 फरवरी तक चलेगी। आज प्रथम भाषा हिंदी/अंग्रेजी/उर्दू/मराठी, 21 फरवरी को गणित/संगीत दृष्टिबाधितों के लिए, 23 फरवरी को द्वितीय भाषा अंग्रेजी/हिंदी/उर्दू/मराठी, 25 फरवरी को विज्ञान, 26 फरवरी को तृतीय भाषा संस्कृत/पंजाबी/मराठी तथा 28 फरवरी को सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित होगी।