मुरादाबाद, 20 फरवरी । जिले में छह ट्रेनिंग सेंटरों में ट्रेनिंग कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के इंडोर की फाइनल परीक्षाएं 17 मार्च से होंगी, जबकि आउटडोर की परीक्षाएं 26 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होंगी। ट्रेनिंग सेंटरों ने इन परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक मार्च को प्रशिक्षु सिपाहियों की सुबह पांच बजे से आठ बजे के बीच दौड़ कराई जाएगी। यह दौड़ परीक्षा दिल्ली रोड और कांठ रोड पर होगी।
नोडल अधिकारी व पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष गंगवार ने शुक्रवार को बताया कि मुरादाबाद जनपद के पुलिस लाइन, नौवी वहिनी पीएसी, 23वीं पीएसी, 24वीं पीएसी के अलावा पीटीएस और पीटीसी में करीब साढ़े पांच हजार प्रशिक्षु सिपाहियों की ट्रेनिंग चल रही है। एसपी यातायात ने आगे बताया कि 17 मार्च से इंडोर विषयों की लिखित परीक्षा होगी। जिसमें कानून, फोरेंसिक साइंस, साइबर, पुलिस अधिनियम, एआई समेत अन्य विषय शामिल रहेंगे इसके आठ पेपर होंगे और परीक्षाएं 25 मार्च तक चलेंगी। इसके बाद 26 मार्च से आउटडोर विषयों की परीक्षा शुरू होगी। जिसमें पीटी, परेड, हथियारों की जानकारी, भीड़ कंट्रोल, मोटर, फायरिंग, घुड़सवारी समेत अन्य विषय शामिल होंगे। यह परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेगी।