कुसंग से दूर करता है अच्छा संस्कार, यही है होली त्यौहार : राजीव टंडन

प्रयागराज, 28 फ़रवरी । कुसंग से दूर रखकर अच्छा संस्कार ही जीवन को सही दिशा देता है और यही होली पर्व का वास्तविक संदेश है। यह बात लूकरगंज स्थित लॉर्ड कृष्णा नर्सरी स्कूल परिसर में शनिवार को आयोजित होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्कूल प्रबंधक राजीव टंडन ने कही।

उन्होंने कहा कि भारत पर्वों का देश है और प्रत्येक पर्व हमें सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का पाठ पढ़ाता है। उन्होंने बच्चों को अपने संदेश में कहा कि होली आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने, प्रेम और सद्भाव बढ़ाने का पर्व है। यह त्योहार समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अभिभावकों की भी सहभागिता रही।

बच्चों ने रंग-बिरंगे फूलों के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल होली मनाते हुए सभी को एकता और सद्भाव का संदेश दिया। होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हें-मुन्ने बच्चों ने फूलों की होली खेलते हुए सनातन संस्कारों, आपसी एकता और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश आत्मसात किया।