नशे का खात्मा और खेलों को प्राथमिकता सरकार का लक्ष्य : यादविंद्र गोमा

धर्मशाला, 01 मार्च ।कांगड़ा जिला के पंचरुखी में 22वीं अखिल भारतीय डॉ. यशवंत सिंह परमार वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को आयुष युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों एवं स्थानीय जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यादविंद्र गोमा ने कहा कि नशे का खात्मा और खेलों को प्राथमिकता सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चिट्टे जैसे नशे से बचाने के लिए युवाओं को खेलों के प्रति पोत्साहित करें। विभाग की ओर से खिलाड़ियों को उचित मंच प्रदान किया जाएगा और इस संबंध में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। खेल विभाग द्वारा प्रदेश भर में खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने सभी 8 टीमों के राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी कांगड़ा रविशंकर द्वारा मुख्य अतिथि का औपचारिक स्वागत एवं सम्मान किया गया।

यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से आई 8 टीमें भाग ले रही हैं तथा कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।