राजधानी हाई अलर्ट पर: जयपुर में सुरक्षा कड़ी, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर

जयपुर, 02 मार्च । त्योहारी सीजन में संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद देशभर में अलर्ट जारी किया गया है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। राजधानी जयपुर में पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की ओर से विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर पुलिस ने शांति समितियों की बैठकें आयोजित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। आदतन अपराधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है और उन्हें पाबंद किया गया है। होली एवं आगामी आयोजनों को देखते हुए शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए थानों के बाहर अतिरिक्त दमकलों की व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग मचाने, पर्यटकों से छेड़छाड़ करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं और आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।