अस्पतालों में बुनियादी सुविधाएं और मरीजों के साथ सकारात्मक व्यवहार हो : कलेक्टर

बलौदाबाजार, 05 मार्च । कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अस्पतालों में सभी बुनियादी सुविधा उपलब्ध होने तथा मरीजों के साथ व्यवहार सकारात्मक रखने के निर्देश दिये। इस दौरान संस्थागत प्रसव में कमजोर प्रदर्शन पर सिमगा, पलारी और कसडोल के बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये।

कलेक्टर ने कहा कि बीएमओ लगातार फिल्ड विजिट करें और अस्पतालों में कमियों को दूर करने का प्रयास करें। कमियों को दूर करने विशेष रणनीति बनाएं। इसके साथ ही किसी योजना के क्रियान्वयन में किसी विकासखंड में अच्छा काम हो रहा हो तो उनसे समन्वय करें और प्रशिक्षण भी लें। उन्होंने कहा कि अस्पताल रिफरल केन्द्र न बने केवल अतिआवश्यक स्थिति में ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और वहां से जिला अस्पताल को रिफर हो। इसीतरह जिला अस्पताल से राजधानी रायपुर या अन्य अस्पताल में रिफर हो। उन्होंने कहा कि सिस्टम को दुरस्त रखें कहीं कोई लापरवाही न हो। आगामी बारिश के पहले अस्पतालों में एंटीवेनम अवश्य हो ताकि सर्पदंश का ईलाज शीघ्र उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने कुष्ट उन्मूलन कार्यक्रम, एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम, टीबी मुक्त भारत, संस्थागत प्रसव, स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड, सेक्स रेशियो, अटल मॉनिटरिंग पोर्टल आदि की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि हर माह विभागीय समीक्षा बैठक ली जाएगी जिसमें पिछली बार की कमियों की पुनरावृति न हो।

बैठक में सीएमएचओ डॉ राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ अशोक वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।