हाथरस, 12 मार्च । दिल्ली में होली के दिन तरुण कुमार खटीक की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई न होने से कस्बे के खटीक समाज में रोष है। गुरुवार काे अखिल भारतीय खटीक महासभा के तत्वावधान में समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
कैंडल मार्च प्रमोद खटीक के नेतृत्व में मोहल्ला चावड़ वाला में एकत्रित होकर शुरू हुआ। मार्च में शामिल लोग हाथों में मोमबत्तियां लेकर आगरा रोड होते हुए चौधरी चरण सिंह तिराहे तक पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने “हत्यारों को फांसी दो” और “तरुण कुमार को न्याय दो” जैसे नारे लगाए। समाज के लोगों ने कहा कि होली जैसे त्योहार के दिन हुई इस घटना से पूरे समाज में दुख है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। इस दौरान प्रमोद सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, रवि सूर्यवंशी, रिंकू ब्लोटिया, रविराज, दिनेश, भिखारी दास और पिंटू सहित कई लोग मौजूद रहे।