जयपुर, 12 मार्च । आरोग्य भारती जयपुर महानगर द्वारा राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में “स्वस्थ समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका” विषय पर विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. गौरव अग्रवाल तथा डॉ. राहुल पराशर रहे।
डॉ. गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास और सुदृढ़ता में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तो परिवार और समाज दोनों स्वस्थ और मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। संतुलित आहार, नियमित योग-व्यायाम, स्वच्छता और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर महिलाएं स्वयं को स्वस्थ रख सकती हैं और परिवार को भी स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
डॉ. राहुल पराशर ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को समझें और समाज में सकारात्मक सोच के साथ जागरूकता फैलाने का कार्य करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ स्वास्थ्य, पोषण और जीवनशैली से जुड़े विषयों पर संवाद भी किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।