औरैया में उप्र उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, पहले दिन 3562 परीक्षार्थी हुए शामिल

औरैया, 14 मार्च । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में शनिवार को आयोजित यूपी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में दोनों पालियों की परीक्षा कराई गई।

जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में कुल 2640 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 1774 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 866 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 2640 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा निर्धारित थी, जिनमें से 1788 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 852 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 5280 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 3562 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 1718 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करती रही। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए पुलिस द्वारा गश्त भी की जाती रही।

परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। इसके साथ ही परीक्षा के दौरान अनुशासन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

जिलाधिकारी डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार जनपद में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा पहले दिन पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।