हरिद्वार, 12 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री नंगली बेला आश्रम, भूपतवाला में भारतीय रेडक्रॉस समिति हरियाणा, चण्डीगढ़ के लड़कियों के लिए आयोजित राज्य स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश अग्रवाल, महासचिव, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा चण्डीगढ़ ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा. अग्रवाल ने कहा कि रेडक्रॉस विश्व का सबसे बड़ा सेवाभावी संगठन है। बेटियों में सेवा का संस्कार जन्मजात होता है। हमें विश्व कल्याण के लिए इस संस्कार को मजबूत करने की आवश्यकता है। देश की सांस्कृतिक राजधानी हरिद्वार में भारतीय संस्कृति के अनेक ऐसे सूत्र हैं, जो मानव को मानव की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बेटियों से आह्वान किया कि वह रेडक्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्य बनें और रेडक्रॉस के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। भावी भारत को विश्व में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करने के लिए बहुत आवश्यक है कि हमारे बच्चे अपनी जड़ों से जुड़े। मानव कल्याण, श्रद्धा, विश्वास, बुजुर्गों की सेवा जैसे आदर्शों को अपने जीवन में लागू करें। हमारे संगठन का मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता जैसे सिद्धांतों में विश्वास है।
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संगठन है, जो संकुचित सिद्धांतों में विश्वास रखने की अपेक्षा सार्वभौमिक सिद्धांतों में विश्वास रखता है। वैश्विक शांति के लिए हमारे द्वारा किए जा रहे यह प्रयास अपने आप में अनूठे एवं अनुकरणीय हैं।
शिविर निदेशक रोहित शर्मा ने मुख्य अतिथि डा. मुकेश अग्रवाल, महासचिव, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा का शिविर में पहंुचने पर आभार व धन्यवाद किया। उन्होंने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिविर के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों व टीम को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त रिसोर्स पर्सन सुरेंद्र श्योराण, अंजू शर्मा, कपिल व अन्य रिसोर्स पर्सन को स्मृति चिन्ह व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उत्तराखंड रैड क्रॉस के संयुक्त सचिव हरीश ने भी हरियाणा रेडक्रॉस द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की सराहना की।
कैम्प में भाग लेने वाले सभी प्रतिभगियों, चण्डीगढ़ कार्यालय की टीम, नंगली बेला आश्रम, एवं पूर्व केटरिंग के आये हुए प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। इसके अतिरिक्त हरियाणा रेडक्रॉस की टीम को भी उनके द्वारा प्रतिभागियों के बेहतर, समन्वय व सेवा के लिए सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि द्वारा शिविर के दौरान आयोजित की गई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। सोनीपत की जीवीएम कन्या कालेज की टीम को बेस्ट टीम से सम्मानित किया गया। डॉक्टर रजत सिंगला, एसए जैन कालेज, अंबाला को बेस्ट काउंसलर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सर्बजीत सिंह, रिलीफ ऑफिसर, रिसोर्स पर्सन सुरेंद्र श्योराण सेवानिवृत सहायक सचिव, अंजू शर्मा रिसोर्स पर्सन, विजय, संदीप, राजेश कपूर, निशु व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।