फतेहाबाद, 16 मार्च । नेशनल हाइवे 9 हिसार रोड पर स्थित गांव धांगड़ के पास संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से हरियाणा पुलिस के एक इंस्पेक्टर के घायल होने का समाचार है। सिरसा में तैनात इंस्पेक्टर शेर सिंह के कंधे में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में फतेहाबाद के हुडा सेक्टर स्थित निजी अस्पताल में लाया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर शहर और सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि अभी तक गोली लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इंस्पेक्टर सडक़ पर बैठे हुए दिख रहे हैं और उनके पेट से खून निकल रहा है। जैसे ही कुछ लोग उनके पास आते हैं तो वह उनसे कहते हैं कि मेरी गाड़ी खड़ी है, अस्पताल ले चलो। मिली जानकारी के अनुसार फतेहाबाद जिले के गांव धारसूल निवासी शेर सिंह सिरसा के पुलिस लाइन में तैनात हैं। शमशेर सिंह काफी समय तक सिरसा में ट्रैफिक एसएचओ भी रहे हैं। इसके अलावा, रोड़ी थाने के भी एसएचओ रहे। दो महीने पहले ही सिरसा एसपी ने उनका ट्रांसफर पुलिस लाइन में किया था। इस समय वह मिसिंग सेल के इंचार्ज के तौर पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि इंस्पेक्टर शमशेर सिंह साेमवार काे अपनी पर्सनल कार में सवार होकर हिसार से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वह धांगड़ गांव के पास खून से लथपथ हाईवे की दूसरी लेन की तरफ बैठे हुए मिले। मौके पर पहुंचा एक युवक राहगीरों की मदद से उन्हें गाड़ी से सद्भावना अस्पताल लेकर पहुंचा। डायल-112 को भी फोन करके सूचना दी गई। प्राथमिक इलाज के बाद शमशेर सिंह को हिसार रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में सिरसा के एसपी दीपक सहारण का भी बयान सामने आया है। उनका कहना है कि उन्हें घटनाक्रम का पता चला है। पता नहीं किन परिस्थितियों में यह घटना हुई है। फतेहाबाद पुलिस इसकी जांच कर रही है। इंस्पेक्टर शमशेर सिंह मिसिंग लोगों को ढूंढने वाली सेल के इंचार्ज हैं। उनके बयान मिलने के बाद ही पता चल पाएगा कि क्या वजह रही। सिरसा पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर शमशेर सिंह सोमवार को ऑन ड्यूटी ही थे। यह पता नहीं चला कि वह धांगड़ गांव के पास कैसे पहुंच गए। इसकी जांच की जा रही है।