नई दिल्ली, 19 मार्च । पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक वकील पर हमला और लूट की घटना के विरोध में कड़कड़डूमा कोर्ट के शाहदरा बार एसोसिएशन ने 20 मार्च को न्यायिक कार्य के बहिष्कार की घोषणा की है। शाहदरा बार एसोसिएशन ने कोर्ट परिसर में 20 मार्च को पुलिसकर्मियों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है।
शाहदरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीके सिंह और सचिव नरवीर डबास ने गुरुवार काे कड़कड़डूमा कोर्ट के न्यायिक अधिकारियों से 20 मार्च को लिस्टेड मामलों में कोई भी प्रतिकूल आदेश पारित नहीं करने का आग्रह किया है। वकीलों का आरोप है कि गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक वकील पर हमला और लूट की वारदात में एफआईआर तो दर्ज की गई, लेकिन थाने के एसएचओ ने आरोपितों को न तो गिरफ्तार किया और न ही उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
शाहदरा बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि उसने गाजीपुर के एसएसओ से कई बार संपर्क कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन हर बार एसएचओ कोई न कोई बहाना बनाकर समय ले लेते हैं और इस तरह आरोपितों को बचाने का ही काम कर रहे हैं। बार एसोसिएशन का कहना है कि इसके पहले मयूर विहार थाने के क्षेत्राधिकार में एक वकील को गोली मारी गई, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है। कई थानों में पुलिसकर्मी वकीलों के साथ बदतमीजी करते हैं और वकील की ओर से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जाती है।