एनएच-39 पर ब्रहमोरिया फ्लाइओवर में दरार, होगी जांच

पलामू, 19 मार्च । नेशनल हाइवे-39 पर ब्रहमोरिया के पास निर्माणाधीण फ्लाइओवर में दरार आ गयी है। मामले में गंभीरता दिखाते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मुलाकात की। ब्रहमोरिया फ्लाइओवर में दरार, जोरकट में टोल प्लाजा से सटे 20 किलोमीटर के एरिया में रहने वाले लोगों का पास बनाने, डालटनगंज बाईपास में पोखराहा और जोड़ में फ्लाइओवर (वीयूपी) के निर्माण से संबंधित और अधूरे सड़कों को पूर्ण कराने के मामलों पर विस्तृत चर्चा की।

एनएचएआई के चेयरमैन ने कहा कि ब्रहमोरिया फ्लाइओवर में दरार मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए दिल्ली से टीम गठित की जाएगी। टीम स्थल पर जांच कर रिपोर्ट देगी। उस रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाई की जाएगी।

सांसद ने बताया कि एनएच-39 पर जोरकट में टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के अंतराल में रहने वाले लोगों के लिए पास बनाया जाएगा और उन्हें कैम्प लगाकर संबंधित लोगों के बीच एनएचएआई एवं जिला प्रशासन की ओर से वितरण किया जाएगा।

डालटनगंज बाईपास फोरलेन सड़क पर दो प्रमुख स्थानों पोखराहा (डालटनगंज-पांकी रोड़) और जोड़ (डालटनगंज-बैरिया-पाटन रोड़) जहां पथ निर्माण विभाग की सड़कों का क्रासिंग है। उक्त स्थानोें पर फ्लाइओवर (वीयूपी) का निर्माण किया जाएगा।

एनएच-39 में हिसरा पोखराहा से जोरकट (टोल प्लाजा के पास) लगभग 3.5 किमी, चियांकी शहरी क्षेत्र-सर्विस रोड और फ्लाईओवर एप्रोच 01 किमी, सिंगरा कलां शहरी क्षेत्र-सर्विस रोड फ्लाईओवर एप्रोच 0.50 किमी और लोहडा-पंडवा एवं राजहरा गांव क्षेत्र -लगभग 1.5 किमी अधूरे कार्यों को पुनः निर्माण कार्य शुरू कर पूरा किया जाएगा।