बिलासपुर, 20 मार्च । चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष सुविधा का ऐलान किया है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए इतवारी और कोरबा के बीच मेमू स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे प्रशासन ने 23 मार्च से 28 मार्च तक इतवारी–कोरबा रेलखंड पर मेमू स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेगी और कुल 63 स्टेशनों पर रुकते हुए लगभग 14 घंटे 30 मिनट में अपनी यात्रा पूरी करेगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 06883 इतवारी से सुबह 5 बजे प्रस्थान कर शाम 7:30 बजे कोरबा पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 06884 कोरबा से सुबह 5:10 बजे रवाना होकर शाम 7:30 बजे इतवारी पहुंचेगी।
नवरात्रि मेले के मुख्य केंद्र डोंगरगढ़ स्टेशन पर भी इस ट्रेन का विशेष ठहराव रखा गया है। इतवारी से आने वाली ट्रेन सुबह 9:06 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 9:11 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वहीं, कोरबा से चलकर आने वाली ट्रेन दोपहर 1:41 बजे यहां पहुंचेगी और निर्धारित ठहराव के बाद इतवारी की ओर प्रस्थान करेगी। इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव मार्ग के प्रमुख स्टेशनों—कलमना, कामठी, कन्हान, भंडारा रोड, तुमसर रोड, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई नगर, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-नैला, चांपा और उरगा सहित कई अन्य स्टेशनों पर रहेगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन सेवा शुरू करने का उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत देना और सुरक्षित व सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है।