बलरामपुर, 20 मार्च । बलरामपुर में धान उठाव और चावल जमा की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने सख्ती दिखाई है। संयुक्त बैठक में राइस मिलर्स और समिति प्रबंधकों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिले में धान उठाव और चावल जमा की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने राइस मिलर्स और समिति प्रबंधकों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में धान उठाव और राइस मिलिंग की अद्यतन स्थिति का विस्तार से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर ने सभी राइस मिलर्स और समिति प्रबंधकों को आपसी समन्वय के साथ धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समितियों की जिम्मेदारी है कि धान की सुरक्षा सुनिश्चित करें और सभी संबंधित अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें।
उन्होंने मिलर्स को निर्देशित किया कि 31 मार्च तक हर हाल में धान उठाव का कार्य पूर्ण करें। साथ ही मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उठाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कलेक्टर ने राइस मिलर्स को निर्धारित समयसीमा के भीतर मिलिंग कर चावल जमा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नान में 30 मार्च तक तीन माह के चावल भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला विपणन अधिकारी प्रीतिका पूजा केरकेट्टा, संबंधित विभागीय अधिकारी, राइस मिलर्स और समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।