पूर्वी सिंहभूम, 21 मार्च । जमशेदपुर जिला बार संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता केवल कृष्णा उर्फ केवल बाबू (75) का शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वे भुइयांडीह के निवासी थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। इलाज के दौरान उन्होंने टाटा मुख्य अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान के साथ किया गया, जहां बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
अपने वरिष्ठ साथी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए जमशेदपुर जिला बार संघ के अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सोमवार को न्यायालय में द्वितीय पाली के दौरान न्यायिक कार्य से अलग रहने का निर्णय लिया है।
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। वहीं, जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास, उपाध्यक्ष बलाई पांडा, महासचिव कुमार राजेश रंजन, संयुक्त सचिव विनीता सिंह और संजीव रंजन बरियार, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश भकत, सह-कोषाध्यक्ष पुष्पा कुमारी समेत कार्यकारिणी सदस्य अभय कुमार सिंह और आलोक सिंह सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया।