बलरामपुर : सूने मकान में लाखों की चोरी करने वाले 3 शातिर आरोपित गिरफ्तार, पूरा माल बरामद

बलरामपुर, 26 मार्च । बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है।

बलरामपुर जिले के चौकी वाड्रफनगर, थाना बसंतपुर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया संपूर्ण माल-मशरूका बरामद कर लिया है।

मामले के अनुसार, 23 मार्च 2026 को वाड्रफनगर निवासी डॉ. प्रभात रंजन उपाध्याय ने चौकी वाड्रफनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 20 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने वार्ड नंबर-05 स्थित उनके पुराने मकान में घुसकर ताला तोड़ दिया और घर में रखे बर्तन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान में कांसे के लोटे (16 नग), गिलास (11 नग), कटोरे (29 नग), थालियां (9 नग) और एक गैस सिलेंडर शामिल था, जिसकी कुल कीमत करीब 84,300 रुपये आंकी गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत धारा 305, 341(4), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंद्रिका कुशवाहा (21 वर्ष), दीपक प्रजापति (20 वर्ष) और संदीप कुशवाहा (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वाड्रफनगर क्षेत्र के ही निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर आज गुरुवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि, इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।