शिमला में दो चिट्टा सप्लायर गिरफ्तार

शिमला, 29 मार्च । शिमला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें इस खेप का सप्लायर बताया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर रही है।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बडियारा इलाके में कार्रवाई की गई थी। इस दौरान पुलिस ने ललित कुमार उर्फ बनी, निवासी गांव सुंधा भौंडा, तहसील चिडग़ांव, जिला शिमला को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इस मामले में थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

पुलिस ने इस मामले की आगे गहन जांच की और चिट्टे की सप्लाई से जुड़े पीछे के नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैकवर्ड लिंक जांच शुरू की। इसी जांच के दौरान 28 मार्च को पुलिस ने इस खेप के सप्लायर बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान शिशु पाल (43) पुत्र नरेंद्र और रवि चौहान (31) पुत्र दिना नाथ, दोनों निवासी गांव बरटू, डाकघर सीमा, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है, जो मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित प्रावधान है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की भूमिका चिट्टे की सप्लाई से जुड़ी हुई पाई गई है और मामले में आगे भी जांच जारी है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों का मकसद नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना और युवाओं को इसके नुकसान से बचाना है।