पूर्वी सिंहभूम, 30 मार्च ।
पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर तिरिलडीह के समीप रविवार देर रात एक सड़क हादसे में 59 वर्षीय शिक्षक वीर प्रताप मुर्मू की मौत हो गई। वे गंगाडीह पंचायत स्थित मध्य विद्यालय नागा के प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। उनकी अचानक हुई मौत से शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। वीर प्रताप मुर्मू अपने पैतृक गांव राजनगर थाना क्षेत्र के पुपडीह (बाड़ेडीह) से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। वे वर्तमान में करनडीह के पुड़िहासा में रह रहे थे। लौटने के दौरान तिरिलडीह के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पोटका थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों, सहकर्मियों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
बताया जाता है कि वीर प्रताप मुर्मू एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे, जिनका क्षेत्र में अच्छा सम्मान था। उनके निधन से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में गहरा दुख व्याप्त है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
वहीं, प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।