जयपुर, 30 मार्च । जयपुर ग्रामीण पुलिस ने गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के 94 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने ये मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए।
एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि काफी समय से अपने खोए हुए कीमती मोबाइल की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय से फोन कर बुलाया गया। एसपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले के सभी अधिकारियों को सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद साइबर सेल और थानों की विशेष टीमों ने कड़ी मेहनत कर इन मोबाइलों को ट्रेस किया। मोबाइल वापस पाकर पीड़ितों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और आभार व्यक्त किया। इस सफल अभियान में एएसपी (मुख्यालय) रजनीश पूनियां, एएसपी (दूदू) शिवलाल बैरवा, एएसपी (शाहपुरा) रणवीर सिंह के सुपरविजन में साइबर सेल प्रभारी हीरालाल सैनी, हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार और जिले के सभी वृत्त अधिकारियों व थाना अधिकारियों की विशेष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।