सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का जल्द  होगा निस्तारण

जयपुर, 30 मार्च । नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित ई.सी. मीटिंग हॉल में सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जोन स्तर एवं मुख्यालय से संबंधित लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की मॉनिटरिंग करें। यदि कोई शिकायत संबंधित क्षेत्राधिकार में नहीं आती है तो उसे संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारित कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए परिवादियों से रेंडम आधार पर फोन कर फीडबैक लिया जाए, ताकि धरातल पर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

आयुक्त ने सीएम जनसुनवाई के प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए 7 दिवस में निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही कोर्ट केस एवं लोकायुक्त से संबंधित मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल, जोन एवं मुख्यालय के उपायुक्त, अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।