पौड़ी गढ़वाल, 02 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं पर्वतीय विकास मंत्री स्वर्गीय डा. शिवानंद नौटियाल की पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके द्वारा किए गए जनसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्वतीय विकास के कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय नौटियाल ने उत्तराखंड के शिक्षा क्षेत्र और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संपूर्ण जीवन समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और पहाड़ के समग्र विकास के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। गढ़वाल मंडल बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति पौड़ी व उनके पैतृक गांव सैंजी-कोठला में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने पुष्पमाला अर्पित कर स्वर्गीय डॉ. शिवानंद नौटियाल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में रमेश चंद्र उप्रेती, सुरेंद्र प्रसाद नौटियाल, शैलजा नौटियाल, मीना देवी, दक्षिता, कांति देवी, संजय नौटियाल, देवी प्रसाद, मोहित नौटियाल आदि शामिल रहे।