नाबालिग से दुष्कर्म, शादी और मारपीट का आरोपित गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 03 अप्रैल (हि. स.)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज शुक्रवार को आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अमरताल निवासी 21 वर्षीय प्रमोद निराला ने पिछले तीन वर्षों से जान-पहचान का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया। नाबालिग होने के बावजूद आरोपित ने उससे शादी कर ली और लगातार प्रताड़ित करता रहा।

पीड़िता ने बताया कि 31 मार्च 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपित ने शराब के नशे में उसके साथ डंडे से मारपीट की, जिससे उसके हाथ, कोहनी और घुटने में गंभीर चोटें आईं। इससे पहले भी आरोपित द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा था।

घटना की जानकारी पीड़िता ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस टीम के भास्कर शर्मा, स्वाति गिरोलकर, आरक्षक महेंद्र राज और गौकरण राय का विशेष योगदान रहा।