खूंटी, 03 अप्रैल । कर्रा प्रखंड के ऐतिहासिक लौंकेल मंडा पूजा शुक्रवार को श्रद्धा और आस्था के माहौल में संपन्न हो गया।
इस अवसर पर भोक्ताओं की ओर से आस्था के फूल बरसाने की परंपरा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। 08 दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में लगभग 45 भोक्ता और सोकताईनों ने कठोर तपस्या की। किसी ने निर्जला उपवास रखा तो किसी ने फलाहार के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना की। पूजा से पूर्व पंडित पवन गोस्वामी ने मंदिर का शुद्धिकरण कर विधि-विधान से सभी अनुष्ठान संपन्न कराए।
गुरुवार रात आयोजित धुआं-सुआ कार्यक्रम के बाद भक्तों ने दहकते अंगारों पर चलकर अपनी आस्था और भक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। शुक्रवार को झूलन कार्यक्रम के दौरान भोक्ताओं ने फूल बरसाए, जिन्हें पाने के लिए महिलाओं ने आंचल फैलाया और पुरुषों ने छाता खोलकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी रही।मंडा पूजा के साथ ही परिसर में मेला भी आयोजित किया गया, जहां बच्चों ने झूले, चकरी और विभिन्न खेलों का आनंद लिया।
वहीं लोगों ने चाट, पुचका, शरबत, मिठाई, फल एवं घरेलू सामान की जमकर खरीदारी की। दोपहर में रंग स्टार म्यूजिक ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
कलाकार सूरज कुमार, जयदेव नायक, फनिराम परधिया, सुनीता कुमारी और डांसर खुशबू ने नागपुरी, भोजपुरी सहित अन्य गीतों पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
कार्यक्रम में मुखिया रश्मि लकड़ा,मंटु मिश्रा,मंजुला उरांव, अनुप कुजुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।