(अपडेट) दहशत फैलाने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सड़क पर कराया परेड

पूर्वी सिंहभूम, 03 अप्रैल । आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड में कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद सख्त संदेश देने के अंदाज में सडक पर परेड कराया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को इलाके की सड़कों पर परेड कराया।

इस दौरान उनके कमर में रस्सी बांधी गई थी और हाथों में हथकड़ी लगी थी।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपित सिर झुकाए, हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगते नजर आए। जिन सड़कों पर उन्होंने हथियार दिखाकर डर का माहौल बनाया था, वहीं आज वे खुद लोगों के बीच शर्मिंदा होते दिखे। स्थानीय लोगों की भीड़ इस नजारे को देखने के लिए जुट गई और पुलिस की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा गया।

बताया जाता है कि 01 अप्रैल की रात गणगौर स्वीट्स के सामने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान ने अपने साथी मो सलमान के साथ मिलकर कट्टा लहराते हुए लोगों को डराया था और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और 02 अप्रैल को दोनों को ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 (कपाली लिंक रोड) के पास से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान मुख्य आरोपित के पास से देशी कट्टा और उसके साथी के पास से 08 एमएम की जिंदा गोली बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शहर में दहशत फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी और सार्वजनिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि अपराधियों में डर और आम लोगों में भरोसा बना रहे।