राजगढ़ः सायबर धोखाधड़ी के दो मामलों में बड़ी सफलता, पीड़ितों को वापस मिली 7.23 लाख की राशि

राजगढ़, 05 अप्रैल। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को राहत दिलाने हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन मनी बैक अभियान के तहत सायबर सेल ने त्वरित और तकनीकी कार्रवाई करते हुए रविवार को दो प्रकरणों में कुल 7.23 लाख राशि पीड़ितों को वापस दिलाई।

जानकारी के अनुसार, 18 दिसम्बर को ग्राम हालाहेड़ी निवासी रामप्रसाद दांगी ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात आरोपित फेसबुक व व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म का लालच देकर अधिक लाभ का प्रलोभन दे रहे थे। आरोपितों ने विभिन्न बैंक खातों में बड़ी रकम जमा कराई और बाद में निकासी के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग करते हुए ठगी की। प्रकरण में खिलचीपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 318(4),318(2), 61(2)(ंए), 316(5) बीएनएस एवं 74 आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। प्रकरण में सायबर सेल ने बैंक समन्वय और तकनीकी विश्लेषण कर संदिग्ध खातों को चिन्हित किया और न्यायालय के आदेश पर एक खाते से 6,92,607.60 की राशि डि-फ्रीज कर पीड़ित को वापस कराई गई।

वहीं फरियादी आयुष मेवाड़े द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई कि टेलीग्राम के माध्यम से ट्रेडिंग में भारी लाभ का झांसा देकर धोखाधड़ी हुई। सायबर सेल ने त्वरित कदम उठाते हुए संबंधित बैंक खातों में 30,754.85 राशि होल्ड कराई, जिसे न्यायालयीन आदेश उपरांत पीड़ित को वापस करा दिया गया। राजगढ़ पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया,व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर आने वाले निवेश प्रस्तावों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। अधिक लाभ के लालच में अज्ञात खातों में रकम न भेजें। “जल्दी मुनाफा” अक्सर धोखाधड़ी का संकेत होता है। किसी भी सायबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।