विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस को टाटा पावर ने प्रमुख कार्यालयों में मनाया

पूर्वी सिंहभूम, 06 अप्रैल । टाटा पावर ने विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस के अवसर पर देशभर में अपने प्रमुख कार्यालयों को नीली रोशनी से रोशन किया।

सोमवार को टाटा स्टील की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है

कि राष्ट्रीय स्तर के अभियान के तहत टाटा पावर ने दिल्ली में टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन, मुंबई के कार्नैक, महालक्ष्मी और बोरीवली स्थित कार्यालयों के साथ-साथ ओडिशा में टीपीसीओडीएल, टीपीएनओडीएल, टीपीएसओडीएल और टीपीडब्ल्यूओडीएल जैसे प्रमुख परिचालन केंद्रों को नीली रोशनी से जगमगा दिया। इन सभी स्थानों पर एक साथ की गई यह पहल समावेशन का एक सशक्त और एकजुट संदेश देने में सफल रही।

ऑटिज्म जागरूकता के वैश्विक प्रतीक के रूप में नीली रोशनी का उपयोग केवल एक प्रतीकात्मक कदम नहीं था, बल्कि यह समाज में ऑटिज्म के प्रति समझ, स्वीकार्यता और समान अवसरों को लेकर सार्थक संवाद को बढ़ावा देने का माध्यम भी बना। विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ इस तरह की गतिविधि ने इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने और जागरूकता फैलाने का कार्य किया।