कैथल: मस्त कलंदराें ने सुरीले सूरमाओं काे हराकर जीता केसीएल का पहला मैच

शहर की एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में आयोजित हरियाणवी कलाकारों की केसीएल (कलाकार क्रिकेट लीग) में मुकाबलों का रोमांच शुरू हो गया है। लीग के पहले दिन मंगलवार को दो मुकाबले निर्धारित किए गए। सुबह सात बजे खेले गए पहले मैच में मस्त कलंदर और सुरीले सूरमा की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में मस्त कलंदर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। 20 ओवर के इस मैच को मस्त कलंदर ने महज 13वें ओवर में ही अपने नाम कर लिया, जिससे टीम के खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मस्त कलंदर टीम के कप्तान मनजीत पांचाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गायक अमित ढुल की कप्तानी में पहले बल्लेबाजी करते हुए सुरीले सूरमा टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 100 रन का स्कोर खड़ा किया।

सबसे ज्यादा रन अरुण अमित ने बनाए। उन्होंने 31 गेंदों पर 31 रन बनाए और योगी अंजाना की गेंद पर बोल्ड हो गए। कप्तान अमित ढुल चार गेंदों पर महज एक रन ही बना सके और उन्हें विक्की राजपूत ने क्लीन बोल्ड किया। मस्त कलंदर की टीम ने यह लक्ष्य 13.5 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन विशु पुठी ने बनाए। कप्तान मनजीत पांचाल पांच गेंदों पर चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि जीत घणघस छह गेंदों में तीन रन ही बना सके।

मस्त कलंदर की ओर से योगी अंजाना ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 10 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं दूसरा मैच वीर वॉरियर्स और यंग योद्धा के बीच खेला जाना था। इसमें वीर वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। यंग योद्धा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 13.4 ओवर में 106 रन बनाए, लेकिन इसके बाद बारिश शुरू हो गई। इसके चलते मैच को रद्द करना पड़ा और दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।

यंग योद्धा टीम की ओर से कपिल कथूरवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 61 रन की पारी खेली। बता दें कि लीग में चार टीमें—यंग योद्धा, सुरीले सूरमा, मस्त कलंदर और वीर वॉरियर्स—खिताब के लिए भिड़ रही हैं। यंग योद्धा की कप्तानी सुरेंद्र रोमियो, सुरीले सूरमा की अमित ढुल, मस्त कलंदर की मनजीत पांचाल और वीर वॉरियर्स की कमान यूके हरियाणवी संभाल रहे हैं।