स्वास्थ्य योजनाओं में अनियमितता पर सख्ती, दो निजी अस्पतालों को नोटिस जारी करने के निर्देश

जयपुर, 07 अप्रैल । आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. निधि पटेल ने संपर्क पोर्टल 181 पर प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

सुनवाई के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक गंभीर शिकायत सामने आई, जिसमें आरोप था कि दो निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों का उपचार कैश मोड पर कर लाखों रुपये वसूले गए। इस पर डॉ. पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल दोनों अस्पतालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और जयपुर के दो मरीजों द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं को भी प्राथमिकता से लेते हुए आईटी टीम को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा कार्ड धारकों से संपर्क कर समस्या का निस्तारण कराया गया।

डॉ. पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्र नागरिकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया।