टीसीएस का चौथी तिमाही में मुनाफा 12.22 फीसदी बढ़कर 13718 करोड़ रुपये हुआ

नई दिल्ली, 09 अप्रैल । देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 मार्च को समाप्त (जनवरी-मार्च) तिमाही में टीसीएस का मुनाफा यानी शुद्ध लाभ 12.22 फीसदी बढ़कर 13,718 करोड़ रुपये रहा है।

इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में कंपनी ने 12,224 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1.35 फीसदी बढ़कर 49,210 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,553 करोड़ रुपये रहा था।

टीसीएस के मुताबिक 31 मार्च को समाप्त (जनवरी-मार्च) चौथी तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 9.64 फीसदी बढ़कर 70,698 करोड़ रुपये हो गई, जो जनवरी-मार्च, 2024-25 तिमाही में 64,479 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा पूरे वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 4.58 फीसदी बढ़कर 2.67 लाख करोड़ रुपये रही।