पश्चिमी सिंहभूम, 09 अप्रैल । पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार की शाम मंझारी थाना क्षेत्र के जांगीबुरु में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया,जिसमें सवार लगभग 16 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने त्वरित पहल करते हुए सभी घायलों को करीब 30 किलोमीटर दूर सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया,जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सदर अस्पताल में उपाधीक्षक डॉक्टर शिवचरण हसदा की निगरानी में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन पहले से ही सतर्क था, जिससे घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम ने मिलकर सभी का इलाज किया।
घटना के संबंध में घायल ग्रामीण राजा बिरुली ने बताया कि वे लोग झींकपानी थाना क्षेत्र के माटागुटू गांव के निवासी हैं। गांव में आदिवासी हो समाज की परंपरा के तहत ‘दुल सुनुम’ कार्यक्रम आयोजित होना था,जिसके लिए जंगल से पत्ते और झाड़ लाने गए थे। इन पत्तों से झोपड़ी नुमा संरचना तैयार की जाती है। सभी लोग सामग्री लेकर लौट रहे थे,तभी जांगीबुरु डाउन में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।