बीजापुर, 13 अप्रैल । जिले के भैरमगढ़ में नाबालिग किशोरी के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर आज सेमवार काे कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रेसवार्ता के बाद शिव मंदिर चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर विरोध जताया और बढ़ते अपराधों के लिए उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नक्सल मुक्त होने के बाद क्षेत्र के विकास की उम्मीद थी, लेकिन बीते वर्षों में चोरी, साइबर अपराध, नशाखोरी और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और इसके लिए गृहमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आ रही है कि घटना के आरोपित सत्ताधारी दल से जुड़े बताए जा रहे हैं। ऐसे में भाजपा स्पष्ट करे कि आरोपित उसके सदस्य हैं, या नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोपित सत्ताधारी दल से जुड़े हैं तो पीड़ित को न्याय कैसे मिलेगा। उन्हाेने कहा कि कांग्रेस पीड़ित को न्याय मिलने तक सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर समाज में आक्रोश है और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक ओर सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं।
इस दौरान नीना रावतिया उद्दे ने भी घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि आरोपित भाजपा सदस्य हैं या नहीं, यह स्पष्ट किया जाए और यह भी बताया जाए कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है या नहीं।
प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर, जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोट्टाम, राजेश जैन, कविता यादव, पुरुषोत्तम खत्री, राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।