पूर्वी सिंहभूम, 16 अप्रैल । टेल्को थाना क्षेत्र के नीलडीह स्थित गायत्री नगर (ग्वाला बस्ती) में चोरों ने एक सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात अपराधियों ने प्रसिद्ध सीमेंट कारोबारी अवधेश सिंह के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान उड़ा लिए। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ, जब घर का कर्मचारी वहां पहुंचा और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पाया।
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। चोरों ने एक-एक कर घर के छह कमरों के दरवाजों के ताले तोड़ दिए थे और भीतर रखी छह अलमारियों के लॉकर को भी बेरहमी से तोड़ डाला। कमरों में सामान पूरी तरह बिखरा हुआ था, जिससे साफ है कि चोरों ने काफी समय लेकर आराम से पूरे घर की तलाशी ली।
पीड़ित के पुत्र सुशील कुमार सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती स्थित दूसरे आवास पर एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि चोरों ने बेहद समझदारी से केवल कीमती गहनों को ही निशाना बनाया और घर में रखे कपड़ों या अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
परिवार के अनुसार, अलमारियों में रखे लगभग 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात चोरी हो गए हैं। इसके अलावा, अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ओर से उपहार में मिले करीब 800 से 900 ग्राम चांदी के सिक्के भी गायब हैं। चारों भाइयों के कमरों में रखे गहनों को भी चोरों ने साफ कर दिया।
अवधेश सिंह ने बताया कि केवल उनके हिस्से के ही 8 से 10 लाख रुपये के जेवर थे। कुल मिलाकर चोरी की राशि 30 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घर और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपिताें की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।