गाजे बाजे के साथ दिया गणेश जी को निमंत्रण, मंगल गीत के साथ महिलाओं ने रचाई मेहंदी

अजमेर, 16 अप्रेल। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, अजमेर के तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे “पुष्कर पगड़ी – वैश्य संस्कृति, श्रद्धा एवं परंपरा संगम” उत्सव के अंतर्गत 17 अप्रैल शुक्रवार को भव्य आयोजन किया जाएगा।

इस आयोजन के पूर्व उत्साहपूर्वक महिलाओं द्वारा पुष्कर स्थित भट बावड़ी गणेश जी को निमंत्रण प्रसाद अर्पित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाकर मंगल गीत गाते हुए भक्ति एवं उल्लास का वातावरण निर्मित किया।

संस्था के जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि महिला एवं युवा इकाई के नेतृत्व में 16 अप्रैल गुरुवार को श्रीराम धर्मशाला में मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुष्कर के विभिन्न घाटों के नामों पर आधारित रोचक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। महिलाओं ने सुंदर नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्ति और संस्कृति से सराबोर कर दिया।

महिला शाखा की जिलाध्यक्ष वर्षा फतेहपुरिया ने बताया कि इस आयोजन में 52 घाटों के प्रतीक स्वरूप 52 यजमान तैयार किए गए हैं तथा लगभग 108 महिला एवं पुरुष मिलकर पुष्कर जी को पगड़ी धारण करवाएंगे। इस आयोजन को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम में आशा रावत, अनुपमा, पूनम, पूर्वी, सोना, स्मिता, विम्मी एवं सुमन गर्ग सहित अन्य महिलाओं ने मंगल गीतों की प्रस्तुति दी तथा व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। साथ ही 17 अप्रैल के मुख्य आयोजन को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित कर जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। यजमानों को उपहार स्वरूप कमल पुष्प की आकृति में निर्मित सुंदर जल फव्वारा भेंट किया जाएगा तथा पुष्कर जी की पगड़ी प्रसादी भी प्रदान की जाएगी।