जोधपुर, 20 अप्रैल । कमिश्नरेट की जिला पूर्व पुलिस ने बनाड़ थाने के हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ पुलिस आयुक्त की तरफ से 25 हजार का इनाम इस साल घोषित किया गया था। वह महामंदिर थाने में आम्र्स एक्ट एवं संगठित गिरोह में वांटेड चल रहा था। आरोपित के बारे में एएनटीएफ की सूचना पर डीएसटी पूर्व एवं डांगियावास पुलिस ने पकड़ा।
पुलिस उपायुक्त पूर्व मनीष कुमार ने बताया कि बनाड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी पीपाड़ शहर के मलार हाल रमजान का हत्था बनाड़ निवासी शोभाराम उर्फ शोभराज जाट पुत्र दीपाराम को पकड़ा गया। वह 25 हजार का इनामी अपराधी था। उसके खिलाफ जनवरी में महामंदिर थाने में आम्र्स एक्ट एवं संगठित गिरोह को लेकर केस दर्ज हो रखा था और वह महामंदिर थाने का वांटेड था।
पुलिस उपायुक्त पूर्व मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित हो रखा था। एएनटीएफ की सूचना पर डीएसटी पूर्व एवं डांगियावास पुलिस ने मिलकर आरोपी को एक स्थान से दस्तयाब कर अब गिरफ्तार किया है।