गाजीपुर, 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के करंडा ब्लॉक के कटरिया गांव का निशा हत्याकांड चर्वा में है। बुधवार को पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रतिनिधि मंडल को ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। सपा नेताओं और ग्रामीणों की बीच मामूली झड़प से शुरु हुआ विवाद, मारपीट, पत्थरबाजी और हिंसा में बदल गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी, सपा कार्यकर्ता और ग्रामीण घायल हो गए हैं। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दस लाेगाें काे गिरफ्तार किया है।
गाजीपुर जिले के कटरिया गांव की एक किशोरी निशा की मौत हो गई थी। बुधवार को इसी मामले में सपा का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक डा. वीरेंद्र यादव, जैकिशन साहू पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कटरिया गांव पीडित परिवार से मिलने पहुंचा। यहां कई ग्रामीण विरोध करने लगे। फिर बातचीत में सपा के दो दर्जन लोगों के पीड़ित परिवार से मिलने पर सहमति बनी लेकिन जब पीड़ित परिवार से मिलने वाले सपा नेताओं की संख्या में अधिक हो गयी तो फिर विवाद होने लगा। सपा और ग्रामीणाें के बीच बातचीत तल्ख होती गयी और इसके बाद ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं में झड़प होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि पहले मारपीट फिर पथराव शुरू हो गया। लाठी डंडे और ईंटें चलीं और मारपीट में बड़ी संख्या में लाेग घायल हुए हैं। इनमें सपा नेताओं के साथ पुलिस कर्मी और कई ग्रामीण भी शामिल हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को शांत कराकर स्थिति को संभाला और कई लाेगाें काे हिरासत में लिया गया । वहीं दूसरी ओर से सपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गये। इस घटना के संबंध में पुुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने बताया कि 16 अप्रैल को धरमपुर जमुनिया गंगा नदी के किनारे एक लड़की का शव मिला था। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई, जिसमें मुख्य अभियुक्त हरिओम पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसपी ने बताया कि इस प्रकरण में शुरुआत से ही कुछ अराजक तत्व भ्रामक बातें फैलाकर आपसी सौहार्द को प्रभावित करने की कोशिश में हैं। पुलिस ने ऐसे तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। उन्हाेंने बताया कि इस मामले में आज समाजवादी पार्टी के नेता पहुंचे थे और ग्रामीणाें के साथ उनका विवाद हुआ है। पुलिस ने जब स्थिति संभालने की काेशिश की ताे पथराव किया गया लेकिन अब स्थिति पूरी तरह से शांत है और माहाैल काे देखते हुए पुलिस बल तैनात है । घटना के वीडियो व फोटो के माध्यम से घटना में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है।