जोधपुर, 26 अपै्रल । प्रयागराज जंक्शन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते 29 अप्रैल को उत्तर पश्चिम रेलवे की तीन प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में अस्थाई बदलाव किया गया है। रेलवे के अनुसार यह परिवर्तन संचालन को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार ट्रेन संख्या 12324 बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो 29 अप्रेल को प्रस्थान करेगी अपने निर्धारित मार्ग के स्थान पर गाजियाबाद, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते संचालित होगी। अर्थात ट्रेन कानपुर व प्रयागराज नहीं जाएंगी। वहीं ट्रेन संख्या 12307 हावड़ा-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो 29 अप्रैल को हावड़ा से प्रस्थान करेगी वह परिवर्तित मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और आगरा कैंट के रास्ते चलाई जाएगी। इसी प्रकार 29 अप्रैल को बीकानेर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 22308 बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते संचालित होगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल 29 अप्रैल के लिए लागू रहेगा।