फतेहाबाद, 27 अप्रैल । संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने फतेहाबाद में कड़ा रोष जताया है। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित महिला आक्रोश सम्मेलन के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने भूना रोड पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कांग्रेस की सोच को महिला विरोधी बताते हुए अपना विरोध दर्ज करवाया। जिला कार्यालय में आयोजित सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी और भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सचिव पूनम सिंगला ने की। इस दौरान स्वतंत्र बाला चौधरी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया यह बिल महिलाओं को सशक्त बनाने वाला एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर अपनी असली मानसिकता उजागर कर दी है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी को इस व्यवहार के लिए देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की प्रगति में रोड़े अटकाए हैं। महिला आरक्षण बिल का विरोध करना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस महिलाओं को बराबरी का हक देने के खिलाफ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की इस सच्चाई से जनता को अवगत कराएं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. सुमन बजाज और भूना नगर पालिका की चेयरपर्सन अर्पणा पसरीजा ने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और वे अपने अधिकारों की राह में आने वाली बाधाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर गीता कसवां, भारती सचदेवा, रेखा रानी, संतोष लोहाखेड़ा, मोनू रानी, उर्मिला धास्वां, पूनम बाला, सुषमा सेठी, दुर्गेश अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।