कैथल, 01 मई । जिला पुलिस ने विशेष अंतर-राज्य नाका चेकिंग अभियान चलाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया। यह अभियान अजय सिंघल के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में रात 11 बजे से शुक्रवार सुबह चार बजे तक जारी रहा।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि जिले के संवेदनशील स्थानों और पंजाब-हरियाणा सीमा पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच की गई। गुरुवार रात के इस अभियान में करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात रहे, जिनका नेतृत्व डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने किया। इस दौरान कुल 450 वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान थाना शहर पुलिस ने एक शराब तस्कर को 14 बोतल देशी शराब सहित गिरफ्तार किया। वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए छह वाहनों के चालान किए गए और दो वाहनों को इंपाउंड किया गया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।